० रामनवमी पर अपने-अपने घरों में धर्म ध्वजा फहरा कर मनायें श्रीराम जन्मोत्सव
मिर्जापुर।
मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव रामनवमी पर अपने-अपने घरों में धर्म ध्वजा फहरा कर मनाया जाएगा। कोरोना के चलते रामनवमीं पर निकलने वाली पूर्वांचल की चर्चित भव्य श्रीराम जन्मोत्सव शोभायात्रा इस वर्ष स्थगित रहेगी। उक्त जानकारी श्रीराम जन्मोत्सव शोभायात्रा समिति के संस्थापक मनोज श्रीवास्तव ने नगर के लालडिग्गी स्थित अपने आवास पर बुधवार को पत्रकार वार्ता के दौरान व्यक्त किया।

श्री श्रीवास्तव ने कहा कि श्रीरामनवमी जन्मोत्सव पर निकलने वाले ऐतिहासिक भव्य शोभायात्रा का जनता को बेसब्री से इंतजार रहता है। गत वर्ष की तरह इस वर्ष भी जनमानस की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शोभायात्रा स्थगित की जा रही है। नवमी पर संपूर्ण हिंदू समाज राम भक्तों के रूप में सड़कों पर दिखता था। समाज का हर वर्ग पूरी आस्था के साथ जन्मोत्सव मनाता रहा है।

नगर के हर गली, मोहल्ला, सड़क और चौराहा भगवा मय होता रहा है। नगर का आम जन मानस राम के रंग में रंग जाता है, जिसमें लाखों की संख्या में नर नारी, वृद्ध और युवा शामिल होते रहे है। यह सब मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम के प्रति आस्था और भक्ति में विश्वास रखने वालों की ताकत है। यह राम भक्ति समाज की शक्ति देश की शक्ति बनें। इस वर्ष लोग अपने अपने घरों पर ओम अंकित भगवा ध्वज फहरा कर भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव घर पर ही मनायेंगे।

इस दौरान प्रांत गोरक्षा प्रमुख महेश तिवारी, पूर्व जिला मंत्री विहिप मनोज दमकल, पूर्व जिला संयोजक बजरंग दल व पूर्व शोभायात्रा समिति अध्यक्ष रविशंकर साहू, विहिप नगर अध्यक्ष राज्य माहेश्वरी, गोपाल केशरवानी, संतोष सिंह उर्फ संतु, रूपनारायण अग्रहरी, देवेश चौरसिया एवं अवधेश अग्रहरि आदि उपस्थित थे।
