मिर्जापुर।
कार्यकर्ताओं की पार्टी कही जाने वाली भारतीय जनता पार्टी में कार्यकर्ताओं का कितना सम्मान है यह तो वक्त बताएगा, लेकिन ध्येय पथ पर भाजपा कार्यक्रम के तहत मिर्जापुर पहुंचे प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल और पूर्व एमएलसी विनीत सिंह की बंद कमरे में हुए गुफ्तगूं ने एमएलसी चुनाव की सरगर्मी बढ़ा दी है। बताते चलें कि विनीत सिंह भाजपा के साथ भले ही मंच साझा करने में कतराते हैं, लेकिन भाजपा के शीर्ष नेताओं के साथ उनके संबंध अच्छे बताए जाते हैं।

काबिले गौर है कि भाजपा जिला इकाई मिर्जापुर ने अपने 3200 से अधिक संख्या में लिस्टेड बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं की 94% से ज्यादा उपस्थिति दर्ज कराकर जिले में सभी विरोधी दलों को अपनी एकजुटता, उत्साह और उमंग को अपने प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल की उपस्थिति में संदेश देते हुए 2022 के चुनाव के तैयारी का आगाज कर दिया है। वहीं, दूसरी ओर जिलाध्यक्ष के आवास पर सुनील बंसल की उपस्थिति में पूर्व एमएलसी विनीत सिंह का बंद कमरे में गुफ्तगूं आगामी एमएलसी चुनाव के दृष्टिगत राजनीतिक गलियारे में चर्चा का विषय बन गया है।
राजनीतिक सूत्रों की मानें तो ‘ध्येय पथ पर भाजपा’ कार्यक्रम के दिन जिले के बार्डर पर आगवानी कर सुनील बंसल को साथ लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष बृजभूषण सिंह भोजन पर अपने आवास पर लेकर पहुंचे, तो वहां पहले से ही पूर्व एमएलसी मौजूद थे। चर्चा है कि पूर्व एमएलसी पर काशी क्षेत्र के सर्वोच्च पदाधिकारी का आशीर्वाद है और उनके मार्गदर्शन पर ही पूर्व एमएलसी जिलाध्यक्ष के आवास पर बंसल से मिलने पहुंचे थे।

अब देखना यह है कि ‘ध्येय पथ पर भाजपा’ कार्यक्रम में पूरे जोश खरोश के साथ 94% उपस्थिति के साथ अपने प्रदेश संगठन महामंत्री को सुनने सुनाने के साथ ही 2022 के चुनाव को लेकर गर्मजोशी से इंतजार कर रहे पार्टी कार्यकर्ताओं के उत्साह को सेमीफाइनल माने जाने वाले एमएलसी चुनाव में बढ़ाने का कार्य होता है या फिर इस चुनाव में भी पार्टी के पास प्रत्याशी न रहने का संदेश देते हुए कार्यकर्ताओं की रीढ़ मानी जाने वाली पार्टी में समर्पित कार्यकर्ताओं के उत्साह और योग्यता को चकनाचूर किया जाता है। बहरहाल जो भी हो, यह तो आने वाला समय ही तयं करेगा।