अहरौरा (मिर्जापुर)।
प्रदेश सरकार द्वारा खोले गए धान क्रय केंद्रों पर ऑनलाइन टोकन व्यवस्था लागू होने के कारण किसान परेशान हैं। धान क्रय केंद्रों पर उनको अपना धान लेकर कई कई रात बितानी पड़ रही है इसके बाद उनका नंबर धान बेचने के लिए आ रहा है। परेशानियों को देखते हुए सोमवार को अहरौरा नगर के नवीन मंडी समिति में खोले गए धान क्रय केंद्रों का हाल जानने के लिए भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश सचिव प्रहलाद सिंह जिला अध्यक्ष के साथ सोमवार को मंडी समिति पहुंचे और उन्होंने धान क्रय केंद्र प्रभारियों से धान क्रय करने में हो रही परेशानियों को लेकर विस्तार से बातचीत किया और किसानों से भी उनकी समस्या जानी।

मंडी समिति में खाद्य बिपणन द्वारा खोले गए धान क्रय केंद्र की प्रभारी अधिकारी श्वेता पांडे ने बताया कि ऑनलाइन टोकन के माध्यम से ही धान खरीद किया जा रहा है। पहले तो किसानों का धान खरीद लिया जा रहा था, अब तो सरकार के गाइड लाइन आ गई है कि ऑनलाइन टोकन के माध्यम से ही धान खरीद किया जाय इसलिए उसी गाइडलाइन के तहत धान क्रय किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मेरे यहाँ 286 किसानों का लगभग 1300 कुंटल धान खरीद किया जा चुका है। 210 किसानों का भुगतान किया भी जा चुका है। बचे हुए अन्य किसानों का एक दो दिन में भुगतान हो जाएगा।

श्वेता पांडे ने बताया कि 1200 कुंटल धान का उठान भी हो गया है। एफसीआई धान क्रय केंद्र प्रभारी मालदेव ने बताया कि मेरे क्रय केंद्र पर 210 किसानों से 10 हजार कुंटल धान खरीद किया गया है। जिसमे 190 किसानों का भुगतान हो चुका है 6500 कुंटल धान उठान भी हो गया है। कृषि उत्पादन मंडी समिति के धान क्रय केंद्र प्रभारी सुधाकर सिंह ने बताया इस केंद्र पर अब तक 242 किसानों का धान 10 हजार 500 कुंतल खरीद किया गया। जिसमे 200 किसानों का भुगतान हो चुका है 9500 कुंतल उठान भी हो गया है।

इस अवसर पर भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश सचिव प्रहलाद सिंह, जिला अध्यक्ष कंचन सिंह फौजी सहित राजेश कुमार, धर्मेंद्र कुमार, तेजन सिंह, रामसूरत सिंह, सुबास सिंह सहित अन्य किसान साथ रहे।

