0 प्रवचन रूपी अमृतवाणी से अभीसिंचित हुए भक्तजन
चुनार, मिर्जापुर।
सक्तेशगढ स्थित परमहंस आश्रम में गुरु पूर्णिमा पर्व पर देश प्रदेश के लाखों भक्तों ने आश्रम पहुंचकर स्वामी अडगडानंद महाराज का दर्शन कर धन्य हुए। प्रातः ही स्वामी जी विभिन्न आश्रमों से आये साधु संतों को अपने कक्ष से निकलकर दर्शन दिये। तत्पश्चात अन्य श्रद्धालु शिष्यों को दर्शन देने के लिए जैसे ही सत्संग हाल में पहुचें। श्री सदगरुदेव भगवान की जय के जयकारे से परिसर गुंजायमान हो उठा।

दर्शन के लिए उमड़ी भक्तों की भीड़ गुरु महाराज के दर्शन एवं उनके चरणों तक पहुंचने के लिए लंबी कतार में लगे रहे। चिलचिलाती धूप पर भक्तों की आस्था भारी पड़ी। आश्रम आये श्रद्धालुओं ने स्वामी अडगडानंद महाराज की लिखी हुई यथार्थ गीता सहित अन्य पुस्तकों को खरीदने के साथ ही आश्रम आये हुए अन्य साधु संतो के प्रवचन को सुना। आयोजित भंडारे में भारी संख्या में आश्रम आये श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। लाखों की भीड़ के मद्देनजर स्थानीय प्रशासन व पुलिस प्रशासन मुस्तैदी से दल बल के साथ मौजूद रहें।

स्वामी श्री विमलानंद आश्रम विजयपुर में भी गुरु पूर्णिमा का पर्व धूमधाम से मनाया गया। स्वामी श्री हंसानंद जी महाराज के भक्तों ने गुरु पूर्णिमा के अवसर पर पहुंचकर गुरु का आशीर्वाद प्राप्त किया और विंध्य पर्वत श्रृंखला पर विराजमान मां दुर्गा के चरणों में मत्था टेका तत्पश्चात आयोजित भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से डॉक्टर रवीश कुमार, राजा अग्रहरि आदि सहयोग रत रहे।
