मिर्जापुर।

जिले के पड़री थाना क्षेत्र के डगमगपुर स्थित क्रशर प्लांट पर कार्य कर रहे श्रमिक की गुरुवार की शाम आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। सोनभद्र जिले के राबर्टसगंज थाना क्षेत्र के तकिया धौठवा गांव निवासी 19 वर्षीय बालकरन बियार पुत्र अंतू बियार श्रमिक पड़री थाना क्षेत्र के डगमगपुर स्थित छात्र शक्ति क्रशर स्टोन पर कार्य करता था। बालकरन पोकलैन मशीन पर हेल्पर था।

बताया जाता है कि वह गुरूवार देर शाम सब्जी लेने जा रहा था। इसी बीच बारिश होने लगी। बारिश के दौरान गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से गंभीर रुप से झुलस गया। घटनास्थल पर आस-पास के लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों की मदद से उसे पड़री प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया गया। यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस की सूचना पर मृतक के परिजन भी पहुंच गए। श्रमिक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के घरवालों ने बताया कि वह तीन साल से कार्य कर रहा था। लगभग एक महीने पूर्व वह पड़री क्रशर स्टोन पर कार्य करने आया था। शाम को सब्जी लेने जा रहा था। बारिश के दौरान गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था। घटना से परिजनों का रो रो कर हाल बेहाल हो गया।
