मिर्जापुर।

जिले का लिंगानुपात 899 से बढ़कर 904 हो गया है। यह परिवर्तन नवंबर 2022 और 1 जनवरी 2023 के बीच बढ़े हुए मतदाताओं के आधार पर जारी किया गया है। 9 नवंबर 2022 को आलेख प्रकाशन के समय जनपद में कुल 980326 पुरुष मतदाताओं के सापेक्ष 881418 महिला मतदाता और 122 थर्ड जेंडर थे जबकि कुल मतदाताओं की संख्या 18 लाख 61 हजार 866 थी।

1 जनवरी 2023 की अर्हता तिथि के आधार पर गुरुवार 5 जनवरी 2023 को जनपद में पुरुष मतदाताओं की संख्या 984009 के सापेक्ष महिला मतदाताओं की संख्या 889796 और थर्ड जेंडर 109 के साथ ही कुल मतदाताओं की संख्या 18 लाख 73 हजार 914 हो गई है।

विधानसभा वार आंकड़ों पर गौर करें तो छानबे विधानसभा में जेंडर रेशियो 895 से बढ़कर 900, मिर्जापुर विधानसभा में 891 से बढ़कर 903, मझवा विधानसभा में 894 से बढ़कर 900, चुनार विधानसभा में 912 से बढ़कर 915 हो गया है। मड़िहान विधानसभा का जेंडर रशियों 905 ही बना है।

सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी शिव प्रताप शुक्ला ने बताया कि अर्हता तिथि 1 जनवरी 2023 के अनुसार फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 5 जनवरी को कर दिया गया है। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय जिला निर्वाचन कार्यालय तहसील मुख्यालयों एवं पदाभिहित स्थानों पर उक्त सूची का अवलोकन 5 जनवरी से 11 जनवरी तक किया जा सकता है।
देखें पूरी सूची, किस विधानसभा में क्या हुआ बदलाव
