मिर्ज़ापुर। सोमवार, 1 जनवरी को देर शाम प्रयागराज स्थित स्वरूप रानी अस्पताल मे भाजपा के पूर्व नगर अध्यक्ष बिंद्रा विश्वकर्मा का निधन हो गया। उनके निधन से संघ परिवार सहित भाजपाजनो मे शोक की लहर दौड गयी।
केन्द्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि बिंद्रा विश्वकर्मा के निधन से जनपद की राजनीति को गहरा झटका लगा है। केंद्रीय मंत्री श्रीमती पटेल ने कहाकि किसी भी राजनीतिक पार्टी का मूल स्तंभ बिंद्रा विश्वकर्मा जैसे कर्मठ एवं जुझारू कार्यकर्ता होते हैं। उनकी कमी सदैव महसूस होती रहेगी। श्रीमती पटेल ने उनके शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
बता दे कि भाजपा के ओबीसी मोर्चा के जिलाध्यक्ष एवं उनके पुत्र रामकुमार विश्वकर्मा विगत दिनों रुटीन चेकअप के लिए उन्हें स्वरूप रानी अस्पताल ले गए थे। वहां पर डॉक्टरों ने चेस्ट में इंफेक्शन बताया था। आज दोपहर बाद उन्हें सांस लेने में कठिनाई होने लगी। अथक प्रयास के बावजूद भी उन्हें बचाया नहीं जा सका। उनके निधन से जनपद मे शोक की लहर दौड गयी है।
