मिर्जापुर।
जिले के लालगंज थाना में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष बालेंदुमणि त्रिपाठी समेत 5 लोगों के खिलाफ हत्या की साजिश की आशंका का मामला दर्ज किया गया है। 5 जून को थाना क्षेत्र के पतुलकी गांव के पास हाईवे पर अज्ञात वाहन से रोजगार सेवक राजीव मौर्य की मौत हो गई थी। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि इस मामले में मृतक के भाई संजय कुमार मौर्य की तहरीर पर धारा 279 एवं 304 ए के तहत मामला दर्ज किया गया है।
मृतक के भाई ने पुलिस को दी गई तहरीर मे कहा है कि लहंगपुर निवासी मेरा भाई राजीव मौर्य ग्राम सभा कोठी में रोजगार सेवक के पद पर कार्यरत था। लहंगपुर मेडिकल स्टोर से बाइक से लालगंज ब्लाक पर किसी कार्य से जा रहा था। पतलुकी के पास दोपहर करीब 2 बजे मिर्जापुर नगर की ओर से आ रही चार पहिया अज्ञात वाहन से धक्का लगने से मौके पर मौत हो गयी।
मेरे भाई ने पूर्व में कई बार अपने हत्या होने का आशंका जता चुका था। 4 लोगों के खिलाफ नामजद और चालक को अज्ञात बताते हुए दिये गये तहरीर में आशंका व्यक्त किया है कि क्षेत्र के कुछ लोगों के साथ ही भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष बालेंदुमणि त्रिपाठी का भी नाम शामिल है।
जिलाध्यक्ष बोले: विरोधी झूठे केस में फंसा रहे
पूर्व जिलाध्यक्ष बालेन्दु मणि त्रिपाठी ने इसे विरोधियों की साजिश करार देते हुए निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। कहा है कि साजिश के तहत मुझे जिलाध्यक्ष पद से भी हटाया गया था। इसके बाद भी मेरा राजनैतिक कैरियर बर्बाद करने के लिए विरोधी साजिश रचने में लगे हुए हैं। अब हत्या में शामिल होने की तहरीर दिये जाने की जानकारी मिली है। मेरा उस परिवार से कोई अदावत नहीं है। बस इतना पता है कि उनका मेडिकल स्टोर बाजार में है। उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हादसे की निष्पक्ष जांच की आवश्यकता जताया। जिलाध्यक्ष ने कहा है कि लोकतंत्र की पवित्रता को बनाए रखने के लिए किसी के खिलाफ साजिश करने के बजाय अपने कर्मों से लोग आगे बढ़ें, यही विरोधियों से विनती है।