News

मिर्जापुर के प्रभारी एवं कैबिनेट मंत्री नन्दी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण; बाढ़ की वजह से क्षतिग्रस्त फसलों का लिया जायजा, अधिकारियों को अधिक से अधिक मुआवजा दिलाने के दिए निर्देश

0 बाढ़ पीड़ित परिवारों को दी गई राहत सामग्री किट
0 बाढ़ प्रभावितों की सुरक्षा व उनके सहयोग के लिए डबल इंजन की सरकार है प्रतिबद्धः नन्दी
मिर्जापुर।
उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री एवं जनपद मिर्जापुर के प्रभारी मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने गुरूवार की देर रात अष्टभुजा गेस्ट हाउस में अधिकारियों के साथ बैठक कर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य की समीक्षा की। शुक्रवार की सुबह अधिकारियों के साथ कोन ब्लाक के प्रभावित बाढ़ क्षेत्र हरसिंहपुर मल्लेपुर का निरीक्षण किया। वहीं बाढ़ से क्षतिग्रस्त फसलों का जायजा लिया।

मंत्री नन्दी ने अधिकारियों को बाढ़ की वजह से खेतों में पानी भरने से जिन किसानों की धान, मक्का, ज्वार के साथ ही विभिन्न प्रकार के सब्जियों की फसल बर्बाद हुई है, उन्हें अधिक से अधिक मुआवजा दिलाए जाने के निर्देश दिए। मंत्री नन्दी ने निरीक्षण के बाद कोन ब्लाक माध्यमिक विद्यालय तिलठी में राहत चौपाल में के बाढ़ पीड़ित परिवारों से संवाद कर शासन द्वारा प्रदत्त बाढ़ राहत किट का वितरण किया।

मंत्री नन्दी ने कहा कि प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश के कई राज्यों में हो रही बारिश की वजह से नदियों के जलस्तर में वृद्धि से कई जनपदों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में हमारी सरकार हर परिस्थिति से निबटने के लिए पुरी तरह से तैयार है। बाढ़ से प्रभावित लोगों की सहायता व जरूरतों का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। अधिकारियों की पूरी टीम लगातार कार्य कर रही है। साथ ही नदियों के बढ़ते जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री पहुंचती रहे, इसके लिए सरकार और प्रशासन दोनों सजग है और पूरी तरह तैयार है।

मंत्री नन्दी ने कहा कि बाढ़ की वजह से खेतों में पानी भरने से जिन किसानों की धान, मक्का, ज्वार के साथ ही विभिन्न प्रकार के सब्जियों की फसल बर्बाद हुई है, उन्हें उसका पूरा मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा। ताकि किसान भाईयों को कम से कम नुकशान हो। मंत्री नन्दी ने कहा कि हर स्थिति में योगी सरकार किसानों और बाढ़ प्रभावित लोगों के साथ खड़ी है।

अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि प्रभावित लोगों के बीच सामुदायिक किचन का प्रबंध सुनिश्चित किया जाए। साथ ही पशुओं के चारा की भी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मंत्री नन्दी ने कहा कि बाढ़ प्रभावितों की सुरक्षा व उनके सहयोग के लिए डबल इंजन की सरकार प्रतिबद्ध है। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास का सिर्फ नारा ही नहीं देते, बल्कि सब तक मदद भी बिना किसी भेदभाव के पहुंचाते हैं।

निरीक्षण एवं चौपाल के साथ ही बैठक में नगर विधायक रत्नाकर मिश्रा, नगर पालिका परिषद मिर्जापुर अध्यक्ष श्याम सुंदर केशरी, जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन, पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन, सीडीओ विशाल कुमार, एडीएम वित्त राजस्व शिव प्रताप शुक्ला एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!